Monday, December 9, 2019

मुसलमानों रुक जाओ

हाँ तो मुसलमान भाइयों और बहनों,उन लोगों को जी भर कर देख लो जो अपनी छवि बनाने के लिए कभी कहा करते थे,सबका साथ-सबका विकास,अब तुम इस नारे से भी निकल गए हो । अब तुम्हारा धर्म ही नागरिकता की बेड़ियां बनने जा रहा है । देख लो गौर से क्योंकि जब सच्चर कमेटी तुम्हारे घर की फटी चादरों का हाल कह रही थी,तब भी तुमने फिक्र नही की उसपर ।

प्यारे भाइयों,घबराना बिल्कुल भी नही,क्योंकि अगर घबराकर मायूस हुए,तो अपने रसूल को शर्मिंदा करोगे । बस हिम्मत से अपने को ठीक करो,क्योंकि तुमको सुधारने के लिए,मज़बूत करने के लिए, भारत के हर धर्म और जाति के लोग जी जान से लगे हैं ।।तुम यह मत समझना कि इस बर्बर भीड़ में तुम अकेले हो,तुम्हारे साथ करोणों हाथ आज भी हैं ।

हो सकता है देश के प्रधानमंत्री का दिल बहुत छोटा हो गया हो,हो सकता है देश के गृहमंत्री के मन मे ईश्वर ने इतनी जगह ही न दी हो कि वह दूसरे के भले के बारे में सोच सके,इससे मत घबराना क्योंकि इसी देश के बाकी सभी प्रधानमंत्री ने अपनी सोच इतनी नीचे नही गिराई थी,वह वाक़ई सबके साथ थे,उन के किये कामों की कद्र करो और खुद को निखारो ।

अपनी पढ़ाई पर ध्यान दो और राजनैतिक चेतना लाओ । देखो मैं बार बार कहता हूँ कि कोई चाहे कितनी ही अच्छी अच्छी बातें कर ले,चाहे कितना ही जोशीला बोल ले अगर वह एक धर्म की राजनीति कर रहा है, तो वह छलावा है । इस जाल में मत फसना क्योंकि तुम्हारे पुरखे भी इस जाल में नही फँसे थे । जिन्ना भी जोशीली और तीखी बातें करता था मगर मौलाना आज़ाद जानते थे,एक आंख से ज़्यादा नही देखा जा सकता,उन्होंने जिन्ना के रास्ते से अलग वह रास्ता चुना जो सबका था ।

नेहरू और पटेल भी थे,तब भी सावरकर एंड कम्पनी एक धर्म की बात करती थी,नेहरू ने इनसे अलग सबके लिए देश का रास्ता चुना । तो देखो हम सबको मानने वालों में से है, इसलिए भड़काऊ,कट्टर और इकहरे धर्म की राजनीति के झांसे में मत आना । बस खुद को तैयार करो,इस मिट्टी की सेवा के लिए ।

यह NRC या CAB हम लोग लड़कर झेल लेंगे । यह हमारे काम हैं, कानूनी या सामाजिक या राजनैतिक हर तरीके से हम इसका मुकाबला करेंगे । भीड़ भले ही इसे पास कर दे मगर भरोसा रखना,तुममे से एक भी को तुम्हारी माटी से दूर नही जाने देंगे,बस तुम विचलित हुए बिना,बिना मायूसी के अपने कामो में मेहनत करो,पढ़ो,खूब सीखो,खूब बढ़ो ।

हमे पता है तुम तुम्हारे धर्म की वजह से निशाने पर हो,तो इसी को अपनी मजबूती बना लो । कठिन वक़्त खुद को गढ़ने का होता है । मोहम्मद साहब से सीखो की कठिन वक़्त में खुद के पेट मे पत्थर बांधकर भी भूख को रोका जाता है । महीनों के खानों में सालों काट दिए जाते हैं । जलती हुई रेत में नँगे पाँव बैठकर बेहतरीन मुस्तक़बिल भी बुना जा सकता है ।

तुम यह एनआरसी सीएबी जैसी साजिशों से घबराना मत,कोई कुछ नही कर सकता है तुम्हारा,क्योंकि पूरे देश का हर वर्ग तुम्हारे साथ खड़ा है । संसद से सड़क तक तुम्हारे लिए हम हर धर्म के लोगों को लड़ते देख रहें हैं, इसलिए परेशान मत होना ।

बस पढ़ो,काम करो,सीखो और राजनैतिक चेतना रखो । हर उस हाथ को मज़बूत करो जो दूसरे धर्म के साथ तुम्हे भी बराबर खड़ा किये हैं । गांव गांव,कस्बे कस्बे निकलकर बस बच्चों से कहो कि पढ़ें,जो पढ़ा सकते हैं, वह पढ़ाएं, जो काम सिखा सकते हैं, वह काम सिखाएँ,जो लीडरशिप दे सकते हैं, वह लीडर बने मगर सारे ही कब सबके साथ होने चाहिए,इसका दायरा भी सिर्फ मुसलमान तक मत रखना,क्योंकि कमज़ोर दलित,कमज़ोर पिछड़े,परेशान औरतें और खुले दिमाग के गरीब सवर्ण,सब भी तुम्हारी लाइन के हैं, इन सबको भी मज़बूत करो,इनके भी हाथ कलम थमाओ ।

हम मौलाना आज़ाद और रफी अहमद क़िदवई को मानने वालों में से है तो रास्ता भी इनका ही चुनेंगे, हर एक के साथ देश को बढ़ाने में लगेंगे । तुम कमज़ोर मत पड़ना,मायूस मत होना,यह बाँटने वाले तटपंजूहे नेता आएँगे और चले जाएँगे, रह जाएँगी हमारी सभ्यताएं । मुसलमान भाइयों इस मुश्किल वक़्त में किसी हिन्दू भाई के लिए दिल मे मैल मत लाना,वह भी इस सँविधान विरोधी नागरिकता संशोधन बिल 2019 के खिलाफ हैं मगर वह भी हमारी आपकी तरह संसद में कमज़ोर हैं । वह लड़ रहे,तो उनका साथ दो,उनको कमज़ोर और ज़लील मत करो । हमे यह हरगिज़ याद दिलाने की ज़रूरत नही की 57 में हमने क्या किया,47 में क्या किया,हमने तो हर वक़्त अपनी मिट्टी के ख़ातिर अपना खून दिया । यह सभी जानते हैं, तभी तो हम एक दूसरे से मोहब्बत करते हैं ।

हम सब विरोध कर रहें,आप सब भी जितना मुमकिन हो विरोध कीजिये मगर देश के बहुसंख्यको के प्रति को दुर्भाव मत लाइये, क्योंकि डलहौजी के भक्तों की करतूतों से यह भी शर्मिंदा हैं । आप और हम अबकी बार मौका आए तो इन अंग्रेज़ों के तिलचट्टो को वापिस इनकी सीलनभरी दराज़ों में भेज देंगे, बस मज़बूत रहिए और हिम्मत रखिये । विरोध तो हो रहा,पूरा नार्थ ईस्ट सुलग रहा,कश्मीर पहले ही बदतर है,बाकी सारी हिंदी बेल्ट भी तैयार है, हम लड़ेंगे,इनके अंत तक लड़ेंगे । इस हम में हिन्दू मुसलमान सिख ईसाई बौद्ध सब शामिल हैं । हम सब हैं तो देश है, इनमे से एक भी नही,तो कुछ भी नही । इसलिए परेशान मत होइए और खड़े होइए । राजनैतिक समझ और चेतना रखिये । यह बिल जहां से सर पर थोपा जाएगा,वहीं से हटाया भी जाएगा,बस इसकी गिरह बांध लें ।


सोनिया गाँधी

यूहीं नफरत नही करते हैं,डलहौजी मित्र, दक्षिणपंथी,छोटी सोच वाले, इस महिला से,14 मार्च 1998 कैसे भूलेंगे यह लोग ।  जब इनके सिर पर वह महिला कृष्ण के चक्र समान बैठ गई थी । उस कुर्सी पर जिस कुर्सी की ताकत लोगों को लगता था कि खत्म हो गई है,काँग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी । उस कुर्सी पर जिस कुर्सी से दुनिया की सबसे बड़ी सल्तनत निपट गई थी मगर वह कमज़ोर होने लगी,लोगों को लगता था,बेचारी कमज़ोर औरत क्या ही करेगी । साल दो साल में थककर हारकर निपट जाएगी ।

यह महिला इन्हें ख्वाबों में डराती है, क्योंकि इन्हें पता है कि इस देश में अगर खुलकर मनमानी का राज करना है, तो इस परिवार की उस आख़री महिला को बच्चों समेत राजनैतिक रूप से मिटा दो,जो लौह महिला के स्पर्श और सानिध्य में ढली है ।

आज वह बूढ़ी लगती हैं मगर सोचो उस दौर के सबसे उच्चकोटि के वक़्ता,कवि,ब्राह्मण कुल के युग पुरुष और मातृभाषा हिन्दी के महारथी को अपनी टूटी फूटी हिन्दी से इस महिला ने  मात दी । 98 में जब कुर्सी पर बैठीं, तो किसने सोचा था कि हम सत्ता में लौटेंगे मगर वह औरत कुछ सालों में ही नागफनी के जंगल से सत्ता खींचकर उस आंगन तक ले आई,जिसमे लेटे लोग अपनी विरासत के जा चुकने का ग़म मना रहे थे ।

पूरा देश एक सुर में उस महिला को देश के शीर्ष पद पर देखना चाह रहा था,मगर उसने नकार दिया । "कुर्सी" जिसके लिए कौन से प्रपंच हमारी भूमि पर नही किये गए,उसे नकार दिया । जिन्हें लगता है यह चाल थी,वह मूर्ख लोग हैं । जाएँ और किसी से भी पूछें कि तुम प्रधानमंत्री बनना पसन्द करोगे या बैकडोर से राज करोगे । उत्तर पा जाओगे,मूर्ख भी नही मिलेगा जो नकार दे,प्रधान,सरपंच तक तो यह फार्मूला काम करता है मगर प्रधानमंत्री जैसा पद अच्छे अच्छे फिसल कर गिरेंगे । हमने तो इस पद की लालच में बूढ़ों को दुत्कार कर किनारे होते देखा है, हाथ जोड़े बेबस खड़े देखा है, इसलिए जानते हैं कुर्सी से मुँह मोड़ना दुनिया का सबसे बड़े त्याग में से एक है ।

दक्षिणपंथी यूहीं इस महिला से नही चिढ़ते हैं, उनके चिढ़ने के कारण हैं । इस महिला ने प्रधानमंत्री भी उसे बनाया जिसके धर्म के लोगों को दो दशक पहले कठघरे में रखकर उत्पात मचाया गया था । सोचिए बीस साल में,सिर्फ बीस साल में देश का वह प्रधानमंत्री बन गया,जिसे बीस साल पहले उसके धर्म की वजह से मार डाला जाता । एक धर्म जो दहशत में था,उसका प्रधानमंत्री, यह सोच पाना ही कुछ लोगों की छोटी सोच से मुमकिन नही ।

यह महिला काल बनकर आई दक्षिणपंथियों के लिए और उनके सबसे बड़े संगठनकर्ता कथित लौह पुरुष में ज़ंग लगाकर निकल गई । दस साल उस काँग्रेस को प्रधानमंत्री दे गई,जो 98 में मरने के कगार पर थी ।

हाँ वह बीमार पड़ी,खूब बीमार पड़ी और पकड़ ढीली हुई । जैसे ही पकड़ ढीली हुई,विरोधियों को सांस मिल गई । उसने घर से बाहर निकले पाँव समेटे और इधर एक चेहरा उभरा । वह महिला दर्द में उलझी की उसपर बेतरतीब वार हुए । सब एक साथ मिलकर उसपर टूट पड़े,उसके वंश पर टूट पड़े । अच्छे बुरे सब एक साथ मिलकर उसे घेरने लगे, तरह तरह वेषधर उसको मिटाने निकले,वह डंटकर मुकाबला करती,मगर हार गई,अपनो से ही हार गई । 

जब उसपर हमले शुरू हुए,तो अपने उसके ही पीछे दुबक गए । कोई नही आया सीना खोलकर की मुझ पर वार करो,मैं मरने को तैयार हूँ । उसने खुद को समेटा, नए खून को आगे किया । वह जान गई कि उसका वक़्त पूरा हुआ,अब वह लड़ें जिन्हें इस विचार को आगे बढ़ाना है । जइन्हें जैसी भी हो,बची खुची गाँधी की विरासत को ताक़त देना है, वह सम्भालें ।

हट गई,जैसे तमाम बार हट जाती थीं । बिना कोई ज़ोर लगाए हट गईं और उसकी पार्टी फिर वहीं पहुँच गई,जहाँ से चली थी,निराशा के अथाह समन्दर में डूब गई ।

जब सब बिखरने लगा,तो फिर उसने ज़िद छोड़ी । उसको याद आया कि उसकी आखरी सांस तक लौह महिला से किया वायदा निभाना है । महात्मा के विचारों के दल को दलदल से निकालना है । जो औरत प्रधानमंत्री का पद त्याग चुकी थी,वह सबसे कमज़ोर वक़्त में अपनी जिद छोड़ वापिस कमान संभालने निकल पड़ी,साथ मे ही निकल पड़ी ऊर्जा और एक के बाद एक कदम सूरज के नज़दीक़ बढ़ने लगा ।

पूरा गिरोह इस औरत से डरता है, क्योंकि उन्हें उसमें, अपने पूर्वजों के, दुश्मन पूर्वजों की पूरी खेप दिखाई पड़ती है । वह उसमें गाँधी से राजीव तक की छाप देख,दहलते हैं । वह उसको नीचा दिखाना चाहते हैं, उसे बर्बाद कर डालना चाहते हैं मगर यह सच है, भारत की त्यागी बहू से भला कौन जीता है । 

एक बहु ने अपने बाल खोले थे,दुनिया का सबसे बड़ा युद्ध हुआ और पूरा पथभृष्ट राजतंत्र नष्ट हो गया,जो सुई की नोक के बराबर भूमि नही देना चाहते थे,तहस नहस हो गए । बहु जब अन्याय के विरुद्ध कदम उठाती है, तो बड़े से बड़े महल दरक जाते हैं । आज ताक़त में खड़ी बाँटने वाली ताकते इस बहु से ही डरते हैं, जिसे वह बहु स्वीकार नही कर पाते ।

अंतिम सत्य जानलो,दुनिया मे बड़े से बड़े निज़ाम में चाभी बहु के हाथ सौंपी जाती है, बहु ने अगर उस चाभी की लाज समझ ली तो दुनिया की कोई ताक़त उससे ज़बरन ताला खुलवा नही सकती,क्योंकि नई नस्ल को सँस्कृति परम्पराओं के साथ आगे के लिए तैयार करना बहु की ज़िम्मेदारी होती है,उस बहु से ही तो यह सब डरते हैं ।

जब से वह उस कुर्सी पर लौटी है, तमाम कुर्सियाँ डगमगाने लगी है । विद्रोह के स्वर उठने लगे हैं । डरे हुए विपक्षी भयभीत होकर उसके सिपाहियों को छीन रहें हैं क्योंकि उन्हें वह दिख रहा है, जो उनके पूर्वजों को दिखा करता था । वह जानते हैं, जब तक यह महिला है, तब तक उनको रोज़ नई तरकीब आज़मानी होगी । वह एक त्यागी बहु है, जिसकी काट पीले पन्नो में नही है । यह यक़ीन करो,वह फिर नागफनी के जंगल में नँगे पांव निकल पड़ी है । लौटेगी तो फिर दरककर गिरेंगे कथित शूरवीर । असली चाणक्य ने भी बहु की महिमा,साहस और आवश्यकता समझी थी,नकली चाणक्य तो बहु के पाँव में काटें बो रहें,कीचड़ उछाल रहें,सब लौटेगा,सूद समेत लौटेगा  । डरो,डरकर उसपर वार करो,जितना तेज़ उछलोगे उतना नीचे जाओगे । हर एक जिसने उसके साय से परहेज़ किया,सबको उसकी चौखट छूनी पड़ी है ।

1998 से 2019 तक देख डालो,उस महिला का लोहा मान लोगे । देखो उसकी हर चाल हैरत है, जिनके पुरखे उसपर हमले करते थे,उनके बच्चे उससे ढाल माँग रहे हैं ।

सर पर आँचल धरे पूरी उम्र काट दी हमारे देश की चौखट पर । अब फिर सक्रिय हुईं की सत्ता में खलबली मच गई । जब जब देश के संविधान की मूल आत्मा की बात होगी,तब यह महिला उसके सबसे नज़दीक़,सबसे अधिक मजबूती से खड़ी दिखाई देंगी क्योंकि वह हमारा भरोसा हैं ।

सोनिया गाँधी पर जितने चाहे सवाल दाग दो मगर उनकी मेहनत,रणनीति और सौम्यता से विपक्ष को घुटने के बल बैठाना लम्बे वक़्त तक याद किया जाएगा । सबसे लंबे वक्त तक काँग्रेस अध्यक्ष पद पर बैठकर,सबसे कमजोर वक़्त में भी दसयों साल सत्ता दिलवा पाना आसान नही है । सोनिया गाँधी के बेहतर चीज़ है, सही वक्त पर सही निर्णय । देश के इतिहास में सोनिया गांधी की राजनीति बहुत ऊंचा स्थान रखेगी,क्योंकि बिना नीचे गिरे, बिना बदला लिए,बिना गन्दी बात बोले भी राजनीति में शिखर छुआ जा सकता है ।

एक आखरी बात की जिन माँ बेटे से इतनी तक़लीफ़ है, जिनको यह बाँटने वाले डलहौजी के वफ़ादार कमज़ोर और बेकार समझते हैं, वह जानते हैं कि उनके लिए काल है यह माँ,क्योंकि उनको पता है नफरत,हिंसा,झूठ,अत्याचार,लालच का विकल्प प्रेम,अहिंसा,संवेदना और त्याग,जो इस वक़्त सोनिया के दामन में टँके हैं । सोनिया गांधी को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं, उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की वह यह आखरी विनाशकारी हाथों को भी उनके स्थान पर भेज दें । सोनिया बहुत कर चुकी हैं, फिर भी अभी उन्हें सड़क पर खड़े,लोकतंत्र के लिए लड़ते देख ऊर्जा आती है कि जब तक ऐसे लीडर हैं, हमे निराश नही होना चाहिए । सोनिया हमारा भरोसा हैं, रहेंगी,आपको बहुत बहुत मुबारकबाद ।


सच्चा बालक

तुम्हारे पास क्या है? कड़ककर डाकू नें एक बच्चे से पूछा ।मासूम से बच्चे नें अपने गिरोह को लुटते पिटते साथियों को देखा और कहा यह थोड़ी सी अशर्फ़ी हैं ।डाकू नें झपट्टा मारकर अशर्फियाँ लेली और फिर खौफ़नाक आवाज़ में पूछा और क्या है ? बच्चे नें उसकी आंखों में आंखें डाल कर,रोते बिलखते साथियों को देख बिना डरे सहमे कहा कि मेरी सदरी में भी कुछ और अशर्फियाँ हैं अम्मी नें डाकुओं से इन्हें बचाने के लिए हमारी सदरी में छुपा कर सिल दीं थीं।

डाकू नें हैरत से बच्चे पर नज़र डाली और पूछा।अगर तुम सदरी की अशर्फियों के बारे में ना बताते तो हम कभी ना जान पाते।हममे से कोई तुम्हारी सदरी उतार कर हरगिज़ न देखता । तुम्हे हमसे डर नहीं लगा।तुमने अशर्फियों के बारे में हमे क्यों बता दिया ।
तब मासूम सा बच्चा चहक कर बोल उठा मेरी अम्मी ने कहा था कभी भी झूठ मत बोलना । हर हालात में सच को मज़बूती से पकड़े रखना । मै अपनी अम्मी का कहा नही टाल सकता था। इसलिए वह बोल दिया जो सच था ।डाकू की आंखें भर आईं।शर्म से सर झुक गया, घुटनों के बल बैठ आंसुओं के साथ उस नन्हे बच्चे से माफी मांगने लगा।वही मासूम बच्चा आगे चलकर अब्दुल क़ादिर जीलानी के नाम से महान सूफ़ी सन्त बना।

कभी यह किस्सा कोर्स की किताबों में "सच्चा बालक"  के नाम से पढ़ा था मगर अब नहीं है।अब किताबों में बांटने वाले किस्सों की भरमार है,बिना सिर पैर की लन्तरानियां हैं मगर ऐसे किस्से ग़ायब हो गए।इन्हें थोड़ा सा याद करने में कुछ चला नही जाएगा बल्कि हां इतना ज़रूर हो जाएगा कि हम माँ का कहना शायद मानने लग जाएँ।
शायद बिना डरे और घबराए सच बोलने की हिम्मत आ जाए ।
सच्चे बालक ही एक खुशबूदार मुस्कुराती दुनिया बना सकते हैं ।हम सब ऐसा बनकर खुशहाल हिंदुस्तान बनाए जो दुनिया को खूबसूरत राह दिखाए।जो सच कहने से न डरे।जो माँ की दिखाई राह से दूसरों की माँ की मुश्किलें दूर करे।जो एक माँ के आँचल की छाँव में दूसरी माँओं के लिए फूल चुने।आज ग्यारहवीं है,अब्दुल क़ादिर जीलानी का दिन।सच्चे बालक का दिन।मेरी ज़िन्दगी में बचपन में ही गहरी छाप छोड़ने वाले सच्चे बालक का दिन ।

एक चीज़ फिर कहता हूँ वह इंसान समझदार हैं जो चाहे किसी भी तरह अपने बुज़ुर्गों को याद करते हों,याद तो करते हैं । ग्यारहीं है आज,ज़ाहिर है दिलों को बाँटने वालों और नफ़रत को बढ़ाने वालों के लिए एक और मौके का दिन है । फ़िरक़ा परस्ती की मशाल लेकर तमाम सतही बातें करने का भी दिन है । इन सबसे अलग अब्दुल क़ादिर जीलानी की ज़िन्दगी को देखिये और इल्म केलिए अपने को तैयार कीजिये । उनकी ज़िन्दगी को रौशनी बनाइये और आजके दिन अपने बच्चों को ज़रूर बताईये की कौन थे अब्दुल क़ादिर जीलानी । जिस चैप्टर को वक़्त का बादशाह तंग नज़र होकर हटा दे,उस चैप्टर को याद करके बच्चों को सुना जाइये । सच्चा बालक घर घर पहुँचा दें ताकि दुनिया को संवारने वाले लाखों सच्चे बालक पैदा हो सकें...