कुछ किस्से हमारे जिस्म के साथ दफ़न हो जाएँगे .मेरे जाने के बाद सिर्फ वही रह जाएगा जो दिमाग की खुराफात ने उपजा कर शब्दों में ढाला था.इसलिए जरूरी हो जाता है दिमाग में चलने वाली इन आम से ख़ास खुराफातों को कहीं न कहीं उकेर दिया जाए.अब हम पत्थरों पर शिलालेख लिख नही सकते.जानवरों की खालों,पेड़ की छालों या खंडहर की दीवारों पर कोई अभिलेख लिख नही सकते तो यहाँ आ गए.ब्लोगर पर,अपने दिमाग को दर्ज करवाने....
Monday, December 9, 2019
मुसलमानों रुक जाओ
सोनिया गाँधी
सच्चा बालक
तुम्हारे पास क्या है? कड़ककर डाकू नें एक बच्चे से पूछा ।मासूम से बच्चे नें अपने गिरोह को लुटते पिटते साथियों को देखा और कहा यह थोड़ी सी अशर्फ़ी हैं ।डाकू नें झपट्टा मारकर अशर्फियाँ लेली और फिर खौफ़नाक आवाज़ में पूछा और क्या है ? बच्चे नें उसकी आंखों में आंखें डाल कर,रोते बिलखते साथियों को देख बिना डरे सहमे कहा कि मेरी सदरी में भी कुछ और अशर्फियाँ हैं अम्मी नें डाकुओं से इन्हें बचाने के लिए हमारी सदरी में छुपा कर सिल दीं थीं।
डाकू नें हैरत से बच्चे पर नज़र डाली और पूछा।अगर तुम सदरी की अशर्फियों के बारे में ना बताते तो हम कभी ना जान पाते।हममे से कोई तुम्हारी सदरी उतार कर हरगिज़ न देखता । तुम्हे हमसे डर नहीं लगा।तुमने अशर्फियों के बारे में हमे क्यों बता दिया ।
तब मासूम सा बच्चा चहक कर बोल उठा मेरी अम्मी ने कहा था कभी भी झूठ मत बोलना । हर हालात में सच को मज़बूती से पकड़े रखना । मै अपनी अम्मी का कहा नही टाल सकता था। इसलिए वह बोल दिया जो सच था ।डाकू की आंखें भर आईं।शर्म से सर झुक गया, घुटनों के बल बैठ आंसुओं के साथ उस नन्हे बच्चे से माफी मांगने लगा।वही मासूम बच्चा आगे चलकर अब्दुल क़ादिर जीलानी के नाम से महान सूफ़ी सन्त बना।
कभी यह किस्सा कोर्स की किताबों में "सच्चा बालक" के नाम से पढ़ा था मगर अब नहीं है।अब किताबों में बांटने वाले किस्सों की भरमार है,बिना सिर पैर की लन्तरानियां हैं मगर ऐसे किस्से ग़ायब हो गए।इन्हें थोड़ा सा याद करने में कुछ चला नही जाएगा बल्कि हां इतना ज़रूर हो जाएगा कि हम माँ का कहना शायद मानने लग जाएँ।
शायद बिना डरे और घबराए सच बोलने की हिम्मत आ जाए ।
सच्चे बालक ही एक खुशबूदार मुस्कुराती दुनिया बना सकते हैं ।हम सब ऐसा बनकर खुशहाल हिंदुस्तान बनाए जो दुनिया को खूबसूरत राह दिखाए।जो सच कहने से न डरे।जो माँ की दिखाई राह से दूसरों की माँ की मुश्किलें दूर करे।जो एक माँ के आँचल की छाँव में दूसरी माँओं के लिए फूल चुने।आज ग्यारहवीं है,अब्दुल क़ादिर जीलानी का दिन।सच्चे बालक का दिन।मेरी ज़िन्दगी में बचपन में ही गहरी छाप छोड़ने वाले सच्चे बालक का दिन ।
एक चीज़ फिर कहता हूँ वह इंसान समझदार हैं जो चाहे किसी भी तरह अपने बुज़ुर्गों को याद करते हों,याद तो करते हैं । ग्यारहीं है आज,ज़ाहिर है दिलों को बाँटने वालों और नफ़रत को बढ़ाने वालों के लिए एक और मौके का दिन है । फ़िरक़ा परस्ती की मशाल लेकर तमाम सतही बातें करने का भी दिन है । इन सबसे अलग अब्दुल क़ादिर जीलानी की ज़िन्दगी को देखिये और इल्म केलिए अपने को तैयार कीजिये । उनकी ज़िन्दगी को रौशनी बनाइये और आजके दिन अपने बच्चों को ज़रूर बताईये की कौन थे अब्दुल क़ादिर जीलानी । जिस चैप्टर को वक़्त का बादशाह तंग नज़र होकर हटा दे,उस चैप्टर को याद करके बच्चों को सुना जाइये । सच्चा बालक घर घर पहुँचा दें ताकि दुनिया को संवारने वाले लाखों सच्चे बालक पैदा हो सकें...
Friday, November 22, 2019
शौकत आज़मी
Thursday, November 21, 2019
ज़मीर बेचकर अमीर होना
Monday, November 18, 2019
हिटलर
Friday, November 15, 2019
गाँव ऐसा ही है
Tuesday, November 12, 2019
jnu jnu
Sunday, November 10, 2019
मौलाना आज़ाद
Saturday, November 9, 2019
हज़रत मोहम्मद
Thursday, November 7, 2019
मैं कौन हूँ
Tuesday, November 5, 2019
मोहम्मद साहब
Monday, November 4, 2019
प्रयावरण लखनऊ
Sunday, November 3, 2019
धर्म की खूबी कर्म में लाओ
Saturday, November 2, 2019
भिखारी मीडिया
Friday, November 1, 2019
छठ
Thursday, October 31, 2019
बचो इनसे
Wednesday, October 30, 2019
इंदिरा
Monday, October 28, 2019
निज़ामुद्दीन में दीवाली
Saturday, October 26, 2019
जन्म की पूर्व संध्या
कल जब वह पैदा होगा,कुछ लोग जिनकी बपौती है, वह अधिकार स्वरूप उसपर दावा ठोकेंगे । कल ही वह भी उसके हाथ बेशर्मी से खींचकर अपने सर पर रख कर आशीर्वाद लेंगे,जिनके दिल मे उससे नफरत है । कल वह जन्म लेगा जिसके जनमने से पुतलीबाई संसार में जानी गई,कल वह जन्म लेगा, जिसके धरती पर पाँव रखने से करमचंद गाँधी सदियों याद किये जाएँगे । कल वही तो जन्मेगा,जिसके जन्म ने उसके मां बाप भाई बहन पत्नी पुत्र सबके नाम दुनिया के ज़बान पर याद करवा दिए । एक ऐसा दीपक जिसने कुल को तो मशहूर किया,साथ ही धरती के उस हिस्से को भी मशहूर किया,जो वक़्त के कोहरे में कहीं छिप गया था ।
चाहे जितनी उससे नफरत कर लो या चाहे जितना उससे प्रेम करलो,दोनों ही स्थितियों में तुम दोनों उसके नज़दीक़ बराबर ही होते । दुश्मन का दोस्त और दोस्त का दोस्त,शिष्यों के गुरु और गुरुओं का गुरु,कुछ भी आसमान से लेकर नही आया था । किसी जंगल या पहाड़ पर लोगों से हटकर नही गया,बल्कि लोगों में रहकर,गलतियाँ करके,उन्हें सुधारकर उसने खुदको तपा कर,पिघला कर,चोट देकर गढ़ा था। इस धरती का ऐसा ज़ेवर,जो खुद ही धातु था,खुद ही निर्माता था और खुद ही सही गले का हार बनकर छजता था ।
कल जब वह जन्मेगा,दोस्त दुश्मन सब उसको खींचेंगे की यह मेरा है । नफरत करने वाले भी उसे देखकर खुद के दिल को ठंडक देंगे । हर एक दावा ठोकेगा की मोहन मेरा है । मोहन भला कब किसी एक का है ।
जो दर्द से तड़पते दिल को देखे,न कि उसकी चमड़ी । जो मायूस बैठे इंसान को उठाए बिना उसकी जाति देखे,जो टूटे हुए दिल को जोड़े बिना उसके धर्म देखे,जो एक गाल परथप्पड़ खाने को कहे और उससे आगे बढ़कर गोली खाए । क्या अब भी करनी और कथनी के संगम देखने को कोई और तरफ नज़र दोहराओगे ।
तुम तो एक गाल से दूसरे गाल के थप्पड़ पर बिदक जाते हो,कहते हो कि यह सम्भव नही,जबकि उसने सीने पर एक के बाद एक करके तीन गोलियाँ उतरने दीं और बदले में क्या कहा,हे राम,हे राम,हे राम ।
उसने तो करके दिखलाया । मोहन तो करके ही दिखलाते हैं । उनका दर्शन उनके कर्म में है । कल जब वह जन्मेगा,तब उसके विचारों पर बात होगी,विचारों का दोहराया जाना ही तो मोहन को मोहन बनाता है । तुम उसे अच्छा कहो या कहो बुरा,दोनो ही का वह आधार है । मोहन को श्रेष्ठता के लिए किसी आधार की आवश्यकता नही है, क्योंकि संपूर्णता इससे परे है ।
मोहनदास करमचंद गाँधी एक न मिटने वाली लकीर है,इस लकीर को लोग अपनी अक़्ल के हिसाब से आज नही तो कल मानेंगे । जिसके पास जब अक़्ल आएगी,वह जानेंगे कि कौन था मोहन ।
कल दुनिया मोहनदास करम चंद गाँधी का पैदा होना देखेगी और महात्मा गाँधी बनने तक के सफर में खुद को जितना पाएगी,उतने में ही उल्लास मनाएगी । कोई मोहन की सफाई भर से खुश होएगा,कोई मोहन के प्रेम से तरेगा,कोई मोहन की राजनीति से इतराएगा, कोई ब्रह्मचर्य के प्रयोग में खुद को भीगा हुआ पाएगा,कोई मोहन के लेखन से आंखे दो चार करेगा,सबको अपने अपने हिस्से का मोहन कल मिल ही जाएगा । पता नही किसको सम्पूर्ण मोहनदास करम चंद गाँधी मिलेगा....
Tuesday, October 22, 2019
शासन के नियम
"संसार एक उद्यान है, जिसकी सिंचाईं राज्य से होती है । राज्य एक शक्ति है जिसपर धर्म का जीवन मरण आधारित है । धर्म एक राजनीती है, जिसकी बागडोर बादशाह के हाथ में है । बादशाह उस व्यवस्था के लिए उत्तरदायी है जो सेना की सहायता पर निर्भर है । सेना उन सहायकों के समूह का नाम है जिनका पालन पोषण धन द्वारा होता है । धन वह कर है जो प्रजा से एकत्र किया जाता है । प्रजा उन लोगों के समूह को कहते हैं जो न्याय के आधार पर जीवित रहता है । न्याय वह उत्तम वस्तु है जो संसार के अस्तित्व का कारण है ।"
सिर्रुल असरार में अरस्तू ने यह आठ वाक्यों का गोला बना दिया और इसी में दर्शन और राजनीती के ऐसे टाँके लगाए जिसकी कढ़ाई देख आने वाली नस्लें पलकें ही झुकाती रहीं । इस गोले का कौन सा वाक्य सिरा है और कौन अंत, पता नही,कहाँ से शुरू और कहाँ ख़त्म ।बस इतना पता है की सर्वोश्रेष्ठ शासन वह है जो न्याय कर सके । न्याय,जो प्रकृति या ईश्वर ने किया है ।मैं हर उस शासन को शासन ही नही मानता जहाँ शासक अन्याय करे ।
वैसे मैं दिन रात लगा हूँ की अरस्तू,अल मिस्क काफ़ूर,अब्दुल्लाह बिन मुहम्मद,अबु जाफ़र मुहम्मद बिन जरीर अत्तबरी, मुहम्मद बिन उमर अल वाकेदी ,अली बिन हुसैन अल मसऊदी, ह्य्यान बिन खलफ़,अब्दुर्रहमान इब्ने खलदून,अफ़लातून और सुकरात जैसे विचारकों ने जो पुरानी गिरह खोलकर फिर से अपने आसान तरीके से नई गिरह बांधी,वह गिरह खुल जाएँ ।ज़माना ज़माने की नब्ज़ पकड़ना सीख जाए
वह जान जाए की आज़ादी,ख़ुराक और इंसाफ किसी भी इंसान के इंसानी पहचान की पहली शर्त है, जिसे कोई दूसरा इंसान खत्म नही कर सकता बल्कि इसे पूरा करने में मदद ही कर सकता है, तभी वह इंसान हुआ । जो इंसानियत से ख़ाली है, वह इंसान ही कहाँ और ऊपर का चक्र तो इंसानों के लिए है,एक ही सूत्र सब साथ चलो,साथ बढ़ो ...
Monday, October 21, 2019
हिटलर गांधी
जब आप हिटलर और गाँधी दोनों की परछाई ओढ़ना चाहते हैं, तो लगता है कि आपमें कुछ तो ख़ाली है, जिससे आप हर एक को भ्रम में रख रहें । हिटलर की सनक और गाँधी की धमक दोनों एक जिस्म में कहाँ रह सकती हैं । हिटलर के कपड़े और कपड़ों से खाली गाँधी की काया में से दोनो को पकड़ेंगे तो बौखल ही लगेंगे ।
गाँधी और हिटलर ऐसी दो नावें हैं, जिनकी अकेले अकेले सवारी करना ही क्या कम दुशवार है,जो ऐसी दो विपरीत नावों की एक साथ सवारी करना परम् मूर्खता ही दर्शाएगी । जो लीडर इन दोनों के गुणों को खुद में पैवस्त करेगा,वह ज़मीन का सबसे बौखल इंसान ही होगा या तो खुद को जनवाने पहचनवाने वाला कमज़र्फ इंसान ।
मैं दुनिया के तमाम लीडर देखता हूँ,वह गाँधी को ज़ुबान पर रखते हैं और हिटलर को मन में, तब लगता है कि क्या खुद का कुछ इनमें है भी,या बस खाली डब्बा ।
गाँधी की बात करना जितना आसान है, उतना ही कठिन है उनके रास्ते पर चलना । हिटलर की बात करना जितनी कठिन है, उतना ही आसान है उसके रास्ते पर चलना । यह दो विपरीत ध्रुव हैं, विपरीत नावें हैं ।
खुद में रखना है तो किसी एक का गुण रखिये,किसी एक कि तरह बनिये, कोई एक सिम्त की नाव पर चलिए,कहीं तो पहुँचियेगा । दोनों नावों की सवारी कहीं नही पहुँचाएगी, यह आज़ादी की लड़ाई के एक मज़बूत स्तम्भ साबित भी कर चुके हैं । हिटलर और गाँधी, एक साथ कहीं भी नही पहुँचेंगे । अलग अलग इनके बड़े आसमान हैं, जिस आसमान को इनकी मौत के बाद भी सम्मान मिले, उस आसमान को चुनिए ।
आपको लग रहा होगा कि मैं यह कौन सी फालतू बात लेकर बैठा हूँ,मेरा यक़ीन करो,उस आदमी को गौर से देखो जिसमें गाँधी और हिटलर दोनो की छींटे हों,वह खाली है, डब्बा है, वह तुम्हे कहीं भी नही पहुचाएगा,वह सिर्फ झांसा भर है, एक दिन मंझदार में छोड़ जाएगा,तब डूबोगे,ऐसे हर इंसान,लीडर,दोस्त,व्यवहारी से दूरी बना लो । जो विस्तार देगा,वह गाँधी है, जो संकुचित करेगा,वह हिटलर है, जो मूर्ख बनाएगा,वह दोनों को एक जिस्म में ढालेगा । फैसला आपका की आप खुद को विस्तार देंगे या संकुचित करेंगे या मूर्ख बनेंगे ।
Friday, October 18, 2019
मजाज़
आहिस्ता बोलिये,ज़िन्दगी भर जागने के बाद अब ये सोए हुए मजाज़ हैं । काश अब यहाँ बिखरा हुआ सुक़ून उस सदी की सबसे बेचैन रूह को जागते हुए मिल गया होता । मैं मजाज़ की नज़्मो से दूर वहाँ खड़ा हूँ जहाँ वह अपनी सबसे अज़ीज़ बहन सफ़िया अख्तर के हाथ पर सर रखे हुए सोए हैं ।मैं मजाज़ के उस सब्र को देख रहा हूँ जब सफ़िया आपा ने जाँनिसार अख्तर को पसन्द किया । ज़माने को मुट्ठी में करने वाला मजाज़ बहन के इस क़दम को रोक नही सका ।बस इतना कहा देख लो,जाँनिसार आँधी है ।
एक तरफ़ मजाज़ का दिल था,जिसे सब समझते थे मगर समझ कर समझना नही चाहते थे तो दूसरी तरफ़ सफ़िया थीं,जिनका दिल जाँनिसार जैसी आँधी को ज़ब्त करके भी, खामोश भाई की सरकती ज़िन्दगी देख रहीं थीं ।
आज मजाज़ की पैदाइश है, सफ़िया जानती थीं की मजाज़ को ज़ाफ़रानी रवे का हलवा और परतोंदार पराठा पसन्द है ।मजाज़ के हर शौक़ को उसका पूरा परिवार जानता है ।देर रात तांगे वाला जब मजाज़ को किसी बुझ चुकी महफ़िल से उठा कर लाएगा तो बारामदे में तकिया के नीचे उसका किराया रखने वाली मजाज़ की माँ भी जानती हैं की मजाज़ का दिल भरा है मगर जेब ख़ाली है ।
यह पाँच कब्रें हैं, यह एक दौर की अजब नक़्क़ाशी हैं । जो रिश्ते ज़िन्दगी भर एक दूसरे को समझने में उलझे रहे,वह यहाँ सुक़ून से सुलझे हुए सो रहें ।ख़ैर कितना लिखे और क्या क्या कहें,जब भी कब्र पर हाथ रखता हूँ तमाम दस्तावेज़ वरक़ दर वरक़ खुलने लगते हैं ।
मजाज़ का जन्म आजके दिन का है और मृत्यु भयँकर सर्द रात की है । ज़ाहिर है जो अक्टूबर के खूबसूरत दिल का मालिक हो,वह आती ठिठुरन को गले तो लगाएगा ही और एक दिन यह बर्फ सी ठंडक दिल की गर्मी को भी जकड़ लेगी,किसने जाना । मजाज़ नही रहे,वह तो दो दिलों की नफरत से बेचैन बेचैन घूमते फिरते,अगर आज होते तो क्या होता । जब कोई मजाज़ से पलट कर पूछ लेता की बताओ,तुम्हारी देशभक्ति क्या है, मजाज़ का जवाब इस सदी की सबसे ताक़तवर नज़्म होती,जिसके पीछे हम सब छिपकर अपनी ताकत का हुल्लड़ मचा रहे होते,मगर न अब मजाज़ हैं और हवाएं गर्म हो रहीं हैं, दिल मुर्दा....
Tuesday, October 15, 2019
रुक जाओ
आप नही पढ़ेंगे अगर हम लिखें की नौकरी जा रहीं हैं । आप ध्यान भी नही देंगे मुझपर अगर मैं कहूँ की अर्थव्यवस्था मुँह के बल गिर रही है । आप को न यह पढ़ना पसन्द है और न ही इसपर सोचना,क्योंकि आप मज़े में हैं । मज़ा भी यह कि दूसरे धर्म के छक्के छूटते दिख रहें हैं, तो चलो खींस निपोड़कर मुस्कुराया ही जाए । दूसरों की बर्बादी के लिए सरकार चुनते हुए,खुद किस क़दर बर्बाद हो गए,आपको यह सुनना भी पसन्द नही है ।
हमारा क्या है, चाहे जितने झींगुर बोलें,चाहे जितने भेड़िये घेर लें,चाहे जितने बिज्जू बदन को नोचें,सच तो बोलना है, बोलेंगे,सच पर चलना है, चलेंगे । सच यह है कि आजतक किसी कौम, किसी जाति,किसी धर्म को मटियामेट करने का ख्याल ही मन मे नही आया,वोट तो बहुत दूर की बात है ।
पचासों इस्लामी मुल्क थे,खूब इस्लामी कट्टरपन कुछ मुल्कों के सर चढ़कर बोला, पलट कर देख लीजिए बर्बाद हो गए । ईसाई मुल्क भी देख लीजिए,जब ईसा की निंदा पर सर में कीलें ठोक दी जाती थीं,तब यह देश भी बर्बाद ही हुए,यह तरक्की पर तब आए, जब हर एक को साथ लाए । इस्लामी मुल्क जो कट्टरपन को ढोते रहे,बर्बाद हो गए । अब आपकी बारी है, धर्म सर चढ़कर बोल रहा है, बरबादियाँ दरवाज़े तक आ चुकी हैं और धर्म का नशा है कि और मदहोश कर रहा है । मकसद क्या है, बस दूसरे धर्म को जूतों की नोक पर रखना,भले ही यह करने में मुँह के बल गिरकर अपना पूरा वजूद ही बर्बाद कर दें ।
जो लोग अपनी तरक्की में किसी दूसरे को रोड़ा समझते हैं, वह मक्कार किस्म के लोग होते हैं । अभी वक़्त है, दिलों से नफरत,जलन को निकाल फेकिये,वरना बर्बाद हो जाइयेगा । एक होइए, य न भी एक होइए मगर आपस मे नफरत मत रखिये । ऐसे लोगों को नेतृत्व दीजिये,जो दिलों को न बांटता हो,जो नफरत को न बढ़ाता हो और जिसे काम करना आता हो । कट्टरपन और ताक़त का नशा दुनिया मे अच्छे अच्छे देश बर्बाद कर चुका है,सम्भल जाइये,इससे पहले की मिट जाइये । मिलकर,एक होकर, एक दूसरे का साथ देकर,खूबसूरत भारत का निर्माण करें,क्योंकि अंत मे यही शांति पर सबको लौटना है....
Monday, October 14, 2019
कलाम जन्मदिन
और एक रोज़ वह चले गए ।जैसे कोई बच्चा घाँस से हरे भरे मैदान में खेल रहा हो और फ़रिश्ते उसका हाथ पकड़ आहिस्ता आहिस्ता खेलते हुए ही दूर बहुत दूर आसमान तक लिए चले जाएँ । जहाँ से वह दिखे भले न मगर उसके क़हक़हे यहीं ज़मीन पर मौजूद गूँजते रहें ।
कलाम मेरे दोस्त,मेरे उस्ताद,मेरे मुर्शिद,मेरा इश्क़,मेरा ग़ुरूर,मेरा वजूद ऐसे ही हवा में सीढ़ियाँ चढ़ते हुए इतना ऊपर चले गए की अब बस किस्से और बातें ही यहाँ रह गईं ।
एक ऐसी शख्सियत जिसका जन्मदिन जयंती में बदलते देखा है हमने,एक ऐसी रूह जिसका किसी पर कोई ग़म,कोई बदला,कोई तक़लीफ़ बाक़ी नही । मैं कलाम को ज़िन्दगी में उतारता चाहता था,उनकी क़ाबलियत नही बल्कि सादापन,अथाह भरे होने के बावजूद ख़ालीपन, तमाम ऊँचाइयों के बाद भी ज़मीन पर मौजूद रहना ।
कलाम हाँ मैं जी या साहब लगाकर कभी अपनी खुद की रूह को ख़िताब नही करता ।कलाम के चेहरे पर बिखरी यह सफ़ेदी मुझे ख़ूब लुभाती थी,जिससे जवानी में ही बूढ़ा होने की अजीब खब्त सवार रही । ख़ैर कलाम सुबह के बाद अब ढंग की दो प्याली चाय मौजूद है और सामने ही 2020 का भारत भी नज़दीक़ है ।
आइये और चाय पीते पीते ख़ुद को इसमें ग़र्क करदें । देखते हैं यह दिलों को जोड़ने वाला साल होगा या तोड़ने का,यहीं से कलाम का युग शुरू होगा,इतना तो यक़ीन है ।प्रेम,त्याग,समर्पण,सादगी और तरक़्क़ी का युग । कलाम को मैं वैज्ञानिक से ज़्यादा एक भला इंसान मानता हूँ, वह सीधे और सरल थे,उनमें गुरु और शिष्य दोनों साथ रहे,ताउम्र,वह काम करने आए और काम करते ही हुए इस दुनिया पर अपनी मोहर लगा कर चले गए । वह मोहर मेरे दिल पर भी इतने गहरे तक धँस चुकी है कि सोने नही देती कलाम,आपकी यह मोहर कहती है कि एक दिन हम सुधरकर इंसान बन जाएँगे, तब विज्ञान मुस्कुराएगी...