फैनहे लोग काम ढेला भर नही करेंगे,रोएंगे इतना कि जैसे इनसे ज़्यादा किसी ने मेहनत नही की है । सत्ता पक्ष विपक्ष के सामने अपना फैनहापन लेकर फिर खड़ा हो गया है । पुराना खटराग चालू है कि विपक्ष नही करने दे रहा,वह हुल्लड़ मचा रहा,बदनाम कर रहा है ।
अरे कौन विपक्ष तुम्हारा हाथ पकड़े ले रहा कि तुम लोगों को वैक्सीन न दे पाओ । विपक्ष कहाँ तुम्हारे पैर खींच रहा कि तुम अस्पताल न बना पाओ । विपक्ष कौन तुमको गोदी में दबोचे है कि तुम लोगों को ऑक्सीजन न दे पाओ । विपक्ष कौन तुम्हे रस्सी से बांधे दे रहा कि गरीब की मदद न कर पाओ । विपक्ष तो कह रहा है की थोड़ा संवेदनशील हो जाओ,तुम इसे हूटिंग ही समझ लो ।
अब सचिन कहें कि हूटिंग हो रही थी,तो हम रन नही बना पाए,धोनी कहें कि हूटिंग में हमसे कप्तानी नही हो पाई । गांगुली कहें कि हूटिंग से हमे बदनाम किया जा रहा,तो हम बैटिंग कैसे करें । अरे अगर तुम वाक़ई कुछ कर रहे हो तो हूटिंग से क्या घबराना,धोनी, सचिन,गांगुली सब अपने काम से पहचाने गए,हूटिंग पर फैनहापन फैलाने से नही सम्मान पाए हैं ।
एक बात जान लें,अगर आपने ईमानदारी से काम किया है, तो कोई विपक्ष आपको बदनाम नही कर पाएगा । अगर लोगों को ऑक्सीजन और अस्पताल समय पर मिला है, तो कोई इसे झुठला नही पाएगा । नदियों में लाशें फूलकर तैरती हुईं दिखें,श्मशान में लाइन लगनी पड़े,दवाओं के लिए मुँहमाँगी रकम देनी पड़ी,एक अदद बेड के लिए हर घर की चौखट पर भीख मांगनी पड़े, तो इसे अगर कोई कहे या न कहे,आवाम को महसूस तो होगी ही,यहाँ विपक्ष के ऊपर नथुने फुलाकर रोने से काम नही चलेगा,आपको असलियत में काम करना होगा ।
बचपन में जो लौंडा ढंग से क्रिकेट नही खेल पाता, वह कभी बल्ले की कमी निकालता, कभी पिच की,कभी बॉल की,तो कभी सामने के खिलाड़ियों की,तो कभी तेज़ धूप की,तो कभी हम हवाओं की,तो कभी जूते की तो कभी मैच देख रहे लोगों की,मगर वह कभी अपनी कमी नही देखता,इसलिए वह कभी अच्छा क्रिकेटर नही बन पाता । इसलिए कह रहे विपक्ष पर ठीकरा फोड़ने से पहले अपनी ज़िम्मेदारी उठाना सीखें ।
विपक्ष वही करेगा,जो उसे करना चाहिए, आपकी पहाड़ जैसी गलतियों को वह बतलाएगा,आप चाहे नथुने फुला फुलाकर उन्हें चाहे साही बना दें,विपक्ष अपना चरित्र नही छोड़ेगा, आप भी सत्ता का चरित्र यानि ज़िम्मेदारी लेना,सीखिए । लोगों को तक़लीफ़ थी,है, यह देखिये,विपक्ष को गरियाने का बहुत मौका मिलेगा, उसपर राजनीति मत कीजिये, वरना जल्द ही विपक्ष में होइएगा और फिर कोई और आपके गले में अपनी नाकामियां डालकर रायता फैलाएगा ।
#hashtag #हैशटैग