Tuesday, February 11, 2020

आपकी जीत

देश की जनता को सुबह शाम कोसने वालो,जनता को कम समझदार आँकने वालों को सोचना चाहिए कि अगर ढंग का विकल्प होगा,तो साम्प्रदायिकता, हिंसा और अहंकार को वह हमेशा हराएगी,जनता बेहद समझदार है । हम लोग अपनी कमियाँ दुरुस्त करने की जगह कह देतें हैं, की लोग ही अच्छा चुनाव नही करते हैं । 

घर बैठे,थाली सजाकर जनता किसी को प्रसाद नही देने वाली । आम आदमी पार्टी की बेहतरी सधी हुई कड़ी मेहनत ने यह मैसेज दिया है कि चाहे जितना काम किया हो,उसे उससे कहीं अधिक मेहनत से जनता के कदमों में रोज़ रखना होगा,जनता इसे स्वीकार करेगी ।

हर दल और राजनैतिक व्यक्ति को इस चुनाव से सीखना होगा,काम किया है तो उसे खूब बतलाइए और आखरी दिन तक काम पर ही डटे रहिए नाकि कोई दूसरी थूनी लगाकर छप्पर रोकने का असफल प्रयास करें ।

कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनकी ट्रेनिंग दोनों आप से सीखनी होगी,छोटी छोटी आहटों पर नज़र रखनी होगी । दो चार नमूने पालकर पार्टी उनपर छोड़कर जीत के लिए निश्चिंत हो जाना,अब नही चलेगा ।

निसंदेह दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने जीतोड़ मेहनत की थी । जिसके मन मे विभाजनकारी मैल और हिंसा थी,उन्हें जनता ने मेहनत के बावजूद हरा दिया । जिनके मन में जनता के लिए प्रेम,समर्पण और भविष्य था,उनसे भी खूब मेहनत करवाकर जनता ने स्वीकार कर लिया है।

मेहनत का कोई विकल्प नही है । मेहनत का न ही कोई तोड़ है । कुछ पाने के लिए अथाह मेहनत करनी पड़ती है, बहुत से लोगों की ज़रूरत होती है, सहयोग और विश्वास की आवश्यकता होती है, साथियों से स्नेह इसका ज़रूरी हिस्सा है, इसके साथ मन अच्छा हो और भविष्य की योजनाएँ हों,तो जनता आपको स्वीकार करेगी ही करेगी । जनता बेवक़ूफ़ नही है, जो ख्वाब दिखाए,जिसके ख्वाब पर उसे भरोसा हो,वह विजय नही पाएगा तो क्या पाएगा । आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं,दोस्तों और सहयोगियों को खूब बधाई ।

अंतिम बात धर्म को यदि सही हाथों में धारण कर लिया जाए,तो वह विकास करता है, गलत हाथों में चला जाए,तो विनाश,धर्म गलत नही है, हाथ गलत होते हैं । धर्म को गाली मत दें,बल्कि उसके घिनौने हाथों से छीनकर परोपकारी हाथों में दे दें,तब देखें धर्म कितना लाभदायक बनता है । यह धर्म, परिश्रम,सत्य और अहिंसा की विजय है, जनता को सलाम अपनी सेवा के लिए अच्छा विकल्प चुना ।
#hashtag #हैशटैग

No comments:

Post a Comment