आज का दिन तो दुनिया देख रही है, की क्या होता है, गण और क्या होता है तंत्र और क्या होता है गणतंत्र । सरकार की ज़िद ने दुनिया के बड़े लोकतंत्र के उन रूप को भी आज बाहर कर दिया जो धुँधला गए थे । आज किसान अपनी परेड के साथ यह एहसास दिलाने में कामयाब होंगे कि सच्चा लोकतंत्र अपने अधिकारों के लिए जागरूक जनता से ही फलता फूलता है । जनता को गणतंत्र की महत्ता और अपनी आज़ाद सांस के लिए जूझने का जज़्बा सिखाने वाले हमारे पूर्वज आज बहुत खुश होंगे,क्योंकि उन्हें खुशी होगी कि अन्याय,अधर्म,हिंसा और अहंकार के विरुद्ध हमारे लोग सिर्फ अंग्रेजों से लड़ना ही नही जानते,बल्कि हर उससे जूझना जानते हैं,जो इनके पैरोकार हैं ।
ख़ैर आज कोई मामूली दिन नहीं है।यह वही दिन है जब एक देश नें दुनिया के सामने कहा मै धर्म निरपेक्ष लोकतांत्रिक राष्ट्र हूँ।मै अपने सभी नागरिकों को बराबर के अधिकार देता हूँ ।जो हमारी सामाजिक कड़ी में पिछड़ गए उन्हे अपने प्रयास से बराबर लाने की मेहनत करूँगा ।
यह वही दिन है जब दुनिया नें सबसे बड़े,सबसे महान संविधान के दर्शन किए । यह वही पवित्र किताब है जिसने किसान,चाय वाला,अखबार वाला सबको देश के शीर्ष पद पर पहुंचने की ताकत दी। जिसने हर सांस लेते इंसान को,जिसे अपने अच्छे बुरे को गढ़ने की समझ आ गई हो, उसे अपना मुस्तक़बिल चुनने के लिए वोट देने का अधिकार दिया ।
हमने दुनिया को दिखा दिया एक से एक योग्य को शीर्ष पर लाकर।यह कोई हंसी खेल नहीं था,जिन्हें आप सुबह शाम कोसते हैं उन्होने आपको बोलने की आज ही आज़ादी दी थी।वह मीडिया जो गुलामी में सिसकती थी आज ही आज़ाद हुई थी।यह वही दिन था जब दुनिया नें महात्मा के ख्वाबों के भारत के दर्शन किए थे।
सबने मिलकर मोहब्बत से भारत नाम पर मोहर लगाई थी।हो सकता है आपको कोई हिटलर जैसा तानाशाह पसंद आता हो,हो सकता है आपका धर्म इसमें थोड़ा पिछड़ गया हो,हो सकता है आपकी विचारधारा इससे कुंठित हुई हो फिर भी हमारे गणतंत्र नें इससे बहुत ऊपर उठ कर सबको थामा है।इतना मान लीजिए सच्चा देशप्रेमी वही है जो अपने देश के मूल्यों,संविधान में सच्ची आस्था रखता हो ।
हमारे संविधान की आत्मा धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र है।इसके इतर सारी बातें बेइमानी हैं। हम सबको संविधान की प्रस्तावना को कंठस्त कर लेना चाहिए । अपने देश से मोहब्बत कीजिए,उसे आज़ाद करने में अपना सबकुछ लुटा देने वालों की बिना किसी पूर्वग्रह के इज़्ज़त कीजिये और किसी भी हाल में अपने संविधान को मानने के लिए तैयार रहिए।आज का दिन बेहद बड़ा है,उसकी अहमियत समझिए ।पार्टी,धर्म ,संगठन ,विचारधारा से ऊपर उठ कर आप सबको महान गणतन्त्र दिवस की शुभकामनाएँ ।आइये मोहब्बत के साथ मिलकर अपने महान देश को खुशहाली तरक्की की तरफ ले जाएँ ।
#हैशटैग #hashtag
No comments:
Post a Comment