Wednesday, December 5, 2018

राम

मेरे राम।।।वाकई एक ऐसा किरदार जिसनें मुझे हमेशा एक रास्ता दिखाया।जिनसे मामूली से मामूली इन्सान की अहमियत सीखी।मेरे राम नें मुझे माँ की ख्वाहिश को किसी भी हाल में पूरा करने के लिए मज़बूती से खड़ा किया।राम हमारे दिल में हैं वह ज़मीन के किसी हिस्से में क़ैद नही हो सकते।आप उनके लिए लड़िये झगड़िये जीभर ख़ून बहाईए,दिलजोई करिए मगर दावे से कह दूँ मेरे राम आपकी इन हरकतो से खुश नही होंगे।
मै अयोध्या की ज़मीन में खूब गया महसूस भी किया।नंगे पैर उस ज़मीन पर घंटो टहला।राम के पैरों की धूल को महसूस किया ।सरयू के पानी में उतर के राम से बाते भी की वह राम थे जो सरयू के पानी से भीगे चेहरे से मेरे आसूँ पहचान गए और हाँ जब मै  परेशान हुआ तो मेरे राम ने कहा मत हो मायूस।

मैं जहाँ था वही हूँ और वही रहूँगा।मस्जिद भी मेरा घर थी मंदिर भी।जिसनें भी मेरा घर तोड़ा वह नासमझ थे।वह इन चार दीवारो में मुझे ढूँढ रहे थे।अगर वह वाकई मुझे चाहते तो अपने दिल में झाँकते।उन्हे मानवता दिखती।वही तो मैं था उनका राम।।।

ज़मीन का जो हो वह  कोर्ट तय करेगा बस इतना याद रखे अगर दिल में राम हैं तो कोई बाबर की ताकत नही वहाँ से राम निकाल सके । विध्वंस की जगह निर्माण में अगर राम हैं, तो एक शानदार संसार उससे बनेगा । किरदार में राम हैं, तो हर कमज़ोर खुद को कमज़ोर नही समझेगा ।अगर वास्तव में तुम सबमें राम हैं, तो ज़ुल्म और अत्याचार घुटनों के बल बैठा होगा । राम दिल का खिड़की नही दरवाज़ा खोलते हैं, प्रेम और मानवता को अंदर आने के लिए,नफ़रत और घमण्ड को बाहर ले जाने के लिए । मैं ज़बानी रामभक्त नही बल्की उनको ज़िंदगी में उतारने वाला राम का प्रेमी हूँ।तुम्हारी दिलों को बाँटने वाली तकरीरें यहाँ नही चलेगी क्योंकि यह राम का सच्चा घर है।
राम का घर।हो सकता है आपको यह सिर्फ़ पोस्ट लगे।लगे तो लगे।अगर वाकई आपके भी दिल में राम होंगे तो इस कैफ़ियत को समझिएगा।मोहब्बत कीजिएगा।मानवता और  मर्यादा की इज़्ज़त कीजिएगा।यही हैं मेरे  राम।

No comments:

Post a Comment