Friday, June 14, 2019

जेल से मत डरो

और जब सरकार तुम्हारी न हो तब क्या करोगे । जब सरकार तुम्हारे परेशान होने पर ठहाके मारकर हँसे, तब क्या करोगे । कोई सरकार तुम्हे तुम्हारे अपनो में ही अलग थलग करदे तब क्या करोगे । जब लोग और सरकार दोनो तुम्हारे खिलाफ हों,जब देश मे ही तुम्हारे अधिकार चिन्दी चिन्दी करके छीन लिए जाएँ, तब क्या करोगे । जब शांति मृग मरीचिका बन जाए तब क्या करोगे ।

जब तुम्हारी ज़रूरतों को तो छोड़ो बल्कि तुम्हारे नाम से ही किनारा कर लिया जाए,तब क्या करोगे । जब तुम्हारे साथ बोलने वाली आवाज़ें डर जाएं,छुप जाएं या तोड़ दी जाएं तब क्या करोगे ।
दोस्त,तब तुम्हे जो करना है, वह बेहद आसान भी है और बहुत कठिन भी है । वह है डर से डरना छोड़ दो । खुद के अंदर से मृत्यु और जेल का डर निकाल दो । जेल का डर ही तुम्हे तुम्हारे मकसद में सबसे बड़ा रोड़ा बनेगा । गांधी ने इसी जेल के डर को निकाल दिया था ।

जेल डर नही बल्कि विजय का द्वार है । विचारों को जीवित रखने के लिए जेल सज़ा नही एक आभूषण है । जिस दिन तुम जेल का डर निकाल दोगे, ज़मानत के लिए तड़पोगे नही,कोई तुम्हारी ज़मानत के लिए अगले घण्टे ही कैम्पेनिंग नही करेगा ,उसी दिन तुम्हारा जेल जाना शासक की ज़मीन दरकाने लगेगा ।

हर ज़ोर ज़ुल्म पर खुशी खुशी कहो,की मुझे जेल भेजो । तुम जेल जाओ,साथियों को जेल जाने को प्रोत्साहित करो । जेल जाना शौर्य और साहस का प्रतीक बनाओ । जेल की सलाखों को विचारों की कलम की तरह तराश दो । यह बतला दो की एक निर्दयी,अन्यायी,अधर्मी शासन में जेल जाना ही सबसे बड़ा धर्म है ।

यक़ीन जानो जिस दिन जेल के डर को जीत गए । जिस दिन जेल जाने के फौरन निकल आने की तड़प से ऊपर उठ आए, उस दिन तुम ही अन्यायी लोगों के ताबूतों की कील बनोगे ।

गांधी हों,खान अब्दुल गफ्फार खान हों,नेहरू,पटेल,आज़ाद हों या नेल्सन मंडेला ही समेत दूसरे ही क्यों न हों,हर एक जेल गया है । यह भी मुस्कुराते हुए जेल गया है । ज़मानत के लिए यह बिलबिलाते नही थे,इनमे से कोई अपने को छुड़ाने की कैम्पेनिंग नही करता था बल्कि खुद के चुने मकसद की कैम्पेनिंग करता था ।

गांधी से प्रेम,अहिंसा,सहिष्णुता,त्याग और भाईचारा तो सीखा ही होगा,अब जेल जाना सीख लो । जेल की यातनाएँ सहना सीख लो । जेल की हथकड़ियों को आभूषण बनाना सीख लो,ऊपर उठाए हर सवाल का जवाब यही है, अत्याचार के विरुद्ध लड़ते हुए जेल जाना मोक्ष है । सबको प्रोत्साहित करो की जेल जाने की तैयारी करें ।राजनीति में जेल कष्ट नही बल्कि कष्ट से मुक्ति का द्वार है ।

No comments:

Post a Comment