Monday, August 14, 2017

स्वतन्त्र हुए हम

आज खुश तो बहुत होंगे।बेहद खुश।थोड़ा सा इस ख़ुशी की वजह भी देख लें।उन लोगों को भी देख लें जो अपना सबकुछ खत्म करके इस ख़ुशी के लिए खत्म हो गए।जिन्होंने बिना यह ख़ुशी देखे,अपनी पूरी ज़िन्दगी क़ुर्बान कर दी।एक बार उनको याद कर लीजिये।जिनकी ज़बानों पर उन लीडरों के लिए अनाप शनाप लफ्ज़ आते हैं, वह वही हैं जो ज़रा सी लालच में अंग्रेज़ों के सामने घुटने के बल पर बैठ जाते थे।जो ज़रा सी सख्ती में सैकड़ो पेज की माफ़ी माँग कर खुले घूमना चाहते थे।

एक बार उठिये देखिये सलाखों में कौन कौन था।उन सलाखों में किसने माफ़ी नही माँगी।किसका पूरा परिवार जेल में था।किसका सबकुछ कुर्क हो गया था।किसको अपनी बीबी और अपने साय जैसे साथी की चिता को आग जेल में रह कर देनी पड़ी।वह कौन था जिसके भाई के टुकड़े उसके आँगन में डाल दिए गए।वह कौन था जिसका जवान बेटा फाँसी पर था।उस बाप को जानिए जिनका इकलौता बेटा अंग्रेज़ों की गोली खाया और बाप फाँसी।उन्हें अपने कुल की चिंता नही थी क्या।

चिंता थी,वह भी चाहते थे जीना।उन्हें भी ज़िन्दगी में सुकून प्यारा था।वह अपनी पीठ पर लाठी नही खाना चाहते थे।कोई आदमी अपनी बेटी और बहन और बाप को जेल में नही देखना चाहता था।यह सारे लोग बढ़िया ज़िन्दगी गुज़ार सकते थे,मगर नही गुज़ारी।क्योकि यह हमारे चेहरे पर ख़ुशी देखना चाहता थे।वही ख़ुशी जो आज हर हिंदुस्तानी के होंट पर मुस्कुरा रही है।तो एक बार उस पूरी परम्परा,संघर्ष और उस दौर की सोच को याद कर लीजिए और आज़ाद हो जाइये।

हर बुराई से आज़ादी।सम्प्रदायिकता और नफ़रत से आज़ादी।काहिली और अन्धविश्वास से आज़ादी।आइये  आज़ादी को हर उसके साथ सेलिब्रेट करें,जिनकी चौखट पर यह आज़ादी जाते जाते संकरी हो रही है।जब हर होंट पर मुस्कान होगी,तब हमारी,आपकी और हमारे पुरखों की आज़ादी होगी।ज़िंदाबाद ऐ मेरे हिंदुस्तान ज़िंदाबाद।पूरी दुनिया में फैले हम सब भारतीयो को स्वतन्त्रता दिवस की बधाई।अब बस एक ही प्रार्थना की यह लोकतन्त्र ऐसे ही बना और बढ़ता चले....

No comments:

Post a Comment