Friday, September 8, 2017

जनाब की तक़रीर

काजल को मात देती काली शेरवानी,शैम्पू की हुई ज़बरदस्त काली दाढ़ी,होश उड़ा देने वाला इत्र।जनाब की रीढ़ बिलकुल सीधी, ज़बान में तलवार की धार सी सफ़ाई।जनाब के इंतज़ार में बेकरार महफ़िल।एक दम से सफेद चादर और गाँव तकिया से सजे स्टेज में जनाब की आमद हुई और महफ़िल ने ज़ोर ज़ोर से नारे लगाना शुरू किये।लग रहा था आज आसमान फट पड़ेगा।काली शेरवानी वाले ने धीमी सी,सधी हुई आवाज़ में  बोलना शुरू किया।धीरे धीरे लहजा गर्म होता गया और चेहरा सुर्ख़।महफ़िल ज़ार क़तार रो रही थी।जनाब रसूल के किरदार पर आ गए थे।उनकी ज़िन्दगी के सादापन पर अल्फ़ाज़ की समाँ बाँधे थे।उनके खाने में सिर्फ दो जौ की रोटी खाने और पेट पर पत्थर बाँध करके इंसानो को इंसान बनाने को बता रहे थे।रसूल और जौ की रोटी,महफ़िल रसूल की शिद्दत की मेहनत और सब्र पर बेतहाशा रो रही थी।जनाब चीख़ चीख़ के लोगो के दिलों में गर्म पानी डाल रहे थे।जब करीब तीन घण्टे बाद उनके दिल में जमा सारा मवाद बाहर आ गया तब उन्होंने सुकून पाया और तक़रीर खत्म हुई।

तभी एक अमीर आदमी उचक कर उनके सामने आया और कहा,आपने हमारी आँखे खोल दी,आज तो आपको हमारे साथ ही खाना खाना होगा।जनाब को पहले से पता था की हर तक़रीर के बाद यह क़ौम बेलौस मोहब्बत से भरकर दावत देने की आदी रही है।मुर्गा और बिरयानी उनका इंतज़ार कर रहा था।जनाब ने हामी भर दी।सबसे हाथ वाथ मिलाकर जनाब उसके घर पहुँचे।सामने उम्दा दस्तरख्वान पर खाना लगाया गया।चीनी के महंगे बर्तनों पर वह रीझते की उसमे का खाना देख भड़क गए।सामने सिर्फ़ जौ की रोटी और सिरके में पड़ा प्याज़।जनाब को लगा इससे तो गला छिल जाएगा।सुर्ख़ आँखों से उन्होंने उस मामूली आदमी से पूछा की यह क्या है।उसने बड़ी मासूमियत से कहा हमारे प्यारे रसूल वाला खाना।इससे अच्छा आपके लिए और क्या हो सकता है।आज आपकी तक़रीर ने हमारी आँखे खोल दी।

जनाब ने ख़ून का घूँट पीकर उसे घूरा और कहा,बेवक़ूफ़।कहाँ मेरा यह गुनहगार मुँह और कहाँ हमारे रसूल।कहाँ यह रसूल के मुबारक होंटो को छूने वाली जौ की रोटी और कहाँ मेरा गुनहगार मुँह।तुम उनके लुकमे को मेरे मुँह में लगाकर गुनहगार हो जाओगे।जाओ मेरे लिए कुछ मामूली सा,घूरे पर चरने वाला,तुम्हारा ठुकराया अनाज बीन बीन कर खाने वाला  लाओ।मेरा गुनहगार मुँह रसूल की बराबरी नही कर सकता,जाओ यह जौ की रोटी ले जाओ।बेचारे ने डर और मासूमी से कहा तो वोह क्या है जो घूरे पर चरता हो?जनाब ने चीख़ कर कहा बेवक़ूफ़,मुर्गा लाओ।

खैर ऐसे जनाब हर जगह हैं।गली कूचे में हैं।एक बार इन्हें पकड़िये।देखिये इनके लफ्ज़ सिर्फ लफ्ज़ हैं या किरदार में हैं।यह आपसे बच्चे पैदा करने को कहेंगे मगर यह खुद इससे ख़ाली होंगे।यह वोह लोग हैं जो किसी दँगे,किसी धर्मयुद्ध में शहीद भी नही होते।यह माईक पर चीखते हैं और आप पागलो की तरह ख़ून पीने को तड़प उठते हैं।सरल जीवन जीने की सलाह देने वाले खुद इतनी कठिन ज़िन्दगी जीते हैं की कभी भी AC पंडाल,सेक्योरिटी,बड़ी बड़ी गाड़ियों से बाहर नही आते हैं।आप डिग्रियों का ढेर लगाकर भले अपने आप को पढ़ा लिखा कहें अगर यह आपको एक झटके में प्रभावित कर जाए तो आपकी कुण्टलो डिग्रियाँ दो कौड़ी की हैं।मज़हब को अपने दिल ओ दिमाग से समझे नाकी इनसे।यह तो भड़का कर निकल जाएँगे,आपके हिस्से सिर्फ तबाही ही आएगी।रुक कर सोच लीजिये,फिर जो दिल में आए कीजिये....

No comments:

Post a Comment