और ईसा मसीह दोबारा जीवित हो गए । परसों ही तो सबने उन्हें क्रॉस पर झूलते देखा था । हाथों में धँसी कीलें और सर पर लगे कांटो के मुकुट में झूलते सर को देख सब धुंधला गया जब ईसा आज जीवित हो गए । यह तो तय ही था कि उन्हें आना था । तमाम दर्द और रुसवाई के बाद ही तो नया जीवन शुरू होता है, यह भी तो एक संदेश हमारे बीच आना था ।
ईसा मसीह ने ज़िन्दगी में सेवा का मंत्र फूक दिया और कहा मानव की सेवा ईश्वर की सेवा है । जिसके दिलों में ईसा थे,उसके जिस्म सेवा के लिए झुक गए । जिसको जो रास्ता नज़र आया उसने उससे मानवता की सेवा शुरू कर दी । ज्ञान,विज्ञान,संस्कृति,राजनीति हर दरवाज़े मानव की सेवा के लिए खुलने लगे । ईसा का संदेश संसार मे गूंज गया ।
जब शुक्रवार को उनके जिस्म में कीलें ठोकी जा रहीं थी किसने सोचा था, वह शरीर जिसको दर्दनाक मौत दे दी गई हो,उसमें पले विचार पुनः जीवित हो जाएंगे । रविवार को जब ईसा ने आँख खोल दी तो ईस्टर का जन्म हुआ । सब तरफ खुशियां दौड़ गईं । हर एक को लगा कि ईसा अब हमेशा उनके बीच रहेंगे,वह अमर हो चुके,अब हमेशा हम सबका ख्याल रखेंगे,हिफाज़त करेंगे,ख़िदमत करेंगे ।
ईसा ने उन तीन दिनों में वह मन्त्र दे दिए जिससे वह मानव जाति के रहते जीवित रहने का रास्ता दे गए । एक विचार दे गए,वह जानते थे शरीर आते जाते रहेंगे,विचार नही मरेंगे । सेवा के विचार को उन्होंने जब दिया,तो हर एक मे खुद बंट गए । जिसके हृदय में सेवा होगी उसमे ईसा होंगे ।
ईस्टर मनाइए,समझिए । हर धर्म को समझना चाहिए,उसके मर्म को समझना चाहिए । जो एक झटके में अपने धर्म के सिवा सब नकार देते हैं,वह नकारे लोग हैं । यह अपने दिमाग को मेहनत करने नही देना चाहते । उनका दिमाग सुस्त और काहिल है । हर धर्म के त्योहार जानो,क्योंकि यह उस धर्म की खिड़कियाँ हैं । इससे धर्म की खूबसूरती दिखती है ।ईस्टर मनाओ और हर एक कि सेवा के लिए दरवाज़े और दिल खोल दो । इस मुश्किल भरे हालात में भी सारी दुनिया को हैप्पी ईस्टर ,कोरोना के बाद हम नए संसार मे प्रवेश करेंगे,उम्मीद कीजिये,नया संसार सहयोग और प्रेम पर हो,क्योंकि तभी मानव सभ्यताएँ बढ़ती हैं अन्यथा नष्ट हो जाती हैं ।
ईस्टर सन्देश है कि आने वाली सुबह खूबसूरत ही होगी बशर्ते दिलों में प्रेम,सेवा,सहयोग,संवेदना और त्याग का भाव हो,आप सबको यह गुण मिलें और ईस्टर में ईसा का आशीर्वाद पूरी मानव सभ्यता पर रहे...
#हैशटैग #hashtag
No comments:
Post a Comment